Breaking News:

बिहार, खबरों से आगे।

गयाजी एयरपोर्ट से पहली बार बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान:CM सम्राट चौधरी ने किया शुभारंभ, सप्ताह में 2 दिन इंडिगो की फ्लाइट; पर्यटन कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

बिहार के गयाजी से अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा का दायरा बढ़ने जा रहा है। आज (26 अक्टबूर 2026) से इंडिगो एयरलाइन बैंकॉक के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस सेवा का शुभारंभ किया।

बौद्ध पर्यटकों के प्रमुख सीजन विंटर शेड्यूल में अब गयाजी से बैंकॉक, यंगून और पारो के लिए हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी। रविवार से थाई एयरवेज और थाई एयर एशिया की उड़ानें शुरू हो चुकी हैं। इससे बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों को फायदा होगा। तय शेड्यूल के अनुसार विमान सप्ताह में दो दिन सोमवार और गुरुवार को उड़ान भरेगी।

थाई एयरवेज, थाई एयर एशिया, इंडिगो, म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल, म्यांमार नेशनल एयरलाइंस और भूटान एयरलाइंस सहित छह विमानन कंपनियां हवाई संपर्क उपलब्ध कराएंगी।

बौद्ध धर्मावलंबियों के लिए विशेष महत्व रखने वाले बोधगया में 26 अक्टूबर से 27 मार्च 2027 तक पर्यटन का प्रमुख सीजन रहेगा। इस दौरान थाईलैंड, म्यांमार और भूटान सहित कई देशों से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं।

दिल्ली-गयाजी के बीच एयर इंडिया की नियमित उड़ान शुरू हो गई है। यह सेवा सप्ताह के सातों दिन संचालित होगी। इससे दिल्ली से गयाजी और बोधगया आने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक अवधेश कुमार के अनुसार, एयर इंडिया की एक उड़ान से करीब 100 यात्री गयाजी पहुंचे, जबकि 78 यात्रियों ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी। दूसरी उड़ान से 99 यात्री आए और 46 यात्री दिल्ली रवाना हुए।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल से 167 यात्री गयाजी पहुंचे और 47 वापस गए। थाई एयरवेज से 156 यात्री पहुंचे, जबकि 81 यात्री बैंकॉक के लिए रवाना हुए।अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार से बोधगया के पर्यटन कारोबार को फायदा मिलने की उम्मीद है। सीधी हवाई कनेक्टिविटी से विदेशी पर्यटकों और बौद्ध श्रद्धालुओं का सफर आसान होगा।