धनतेरस 2026:आज कितने बजे से खरीदारी का है शुभ संयोग, सोना-चांदी और अन्य सामान लेने का मुहूर्त क्या है? – Dhanteras 2026: When To Buy Gold, Silver And Utensils? Know Puja Timings And Auspicious Yogas
पटना समेत पूरे देश में आज धनतेरस मनाया जा रहा है। सुबह से ही लोग खरीदारी की योजना बनाने में लग गए हैं। कई लोग पहले से बुक करवाए गए सामानों को लेने निकलेंगे। जैसे कार, बाइक, ज्वेलरी व अन्य वस्तुएं। लेकिन, इस खरीदारी से पहले शुभ मुहूर्त को जानना जरूरी है। ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने बताया कि हर साल कार्तिक मास की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। इस दिन समुद्र मंथन के समय प्रकट हुए भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है, जो अपने हाथ में अमृत से भरा कलश लेकर प्रकट हुए थे। साथ ही, इस दिन मां लक्ष्मी का पूजन भी विधिपूर्वक किया जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान धन्वंतरि और देवी लक्ष्मी की पूजा करने से घर में धन, सुख और समृद्धि बनी रहती है।
ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने बताया कि कार्तिक कृष्ण प्रदोष व्यापिनी त्रयोदशी में आज शुक्रवार को हस्त नक्षत्र और वैधृति योग के सुयोग में दीपोत्सव का प्रथम पर्व धनतेरस मनाया जा रहा है। शुक्रवार सुबह 11:06 बजे से पूरे दिन खरीदारी कर सकते हैं। निवेश और खरीदारी दिनभर चलेगी। आज के दिन माता लक्ष्मी और गणपति की मूर्त्ति, बर्तन, सोना, चांदी, कौरी, धनिया, कमलगट्टा, पंचरत्न, भूमि, भवन, वाहन आदि खरीदने की परंपरा है। इस बार धनतेरस पर हस्त नक्षत्र, अमृत सिद्धि योग, प्रीति योग का उत्तम संयोग बन रहा है। आज लक्ष्मी पूजा के साथ खरीदारी करने के लिए यह योग मंगलकारी सिद्ध होगा।

