पटना:आज से शुरू होगी वाटर मेट्रो, दीघा घाट से गांधी घाट तक 50 रुपये में कर सकेंगे गंगा की सैर – Patna Water Metro Starts Today Digha Ghat To Gandhi Ghat Ticket Fare Route Timing
पटना में गंगा की सैर अब पहले से ज्यादा सुविधाजनक और आधुनिक होने जा रही है। बिहार पर्यटन विभाग ने दीघा घाट से गांधी घाट के बीच वाटर मेट्रो सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। 10 नवंबर को मुख्यमंत्री इस सेवा का शुभारंभ करेंगे। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह जलयान मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होगा। इसके जरिए पर्यटक गंगा नदी में सफर का आनंद ले सकेंगे।
दीघा से गांधी घाट तक शुरू होगा परिचालन
पर्यटन विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 नवंबर को वाटर मेट्रो का परिचालन पटना के दीघा स्थित मीनार घाट से दोपहर 3 बजे शुरू होगा। जलयान 3:40 बजे गांधी घाट पहुंचेगा। इसके बाद शाम 4:10 बजे गांधी घाट से वापस दीघा के लिए रवाना होगा और शाम 5:30 बजे मीनार घाट पहुंचेगा। पहले दिन के लिए विभाग ने यही परिचालन कार्यक्रम जारी किया है। भविष्य में इस सेवा का विस्तार कंगन घाट तक करने की योजना है।
50 यात्रियों की क्षमता, AC और शौचालय की सुविधा
कैटामरान वेसल में एक बार में 50 यात्री सफर कर सकेंगे। इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। जलयान में वातानुकूलन यानी AC, उद्घोषणा प्रणाली, शौचालय और व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अन्य आवश्यक सुविधाएं भी दी गई हैं।
वयस्कों का किराया 50 रुपये, बच्चों को मिलेगी छूट
वाटर मेट्रो में यात्रा के लिए प्रति वयस्क 50 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। पांच साल से कम उम्र के बच्चों को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। वहीं, पांच से 12 साल तक के बच्चों का टिकट निर्धारित वयस्क किराये का आधा यानी 25 रुपये होगा। फिलहाल पर्यटक दीघा घाट पर बने टिकट काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। पर्यटन विभाग के मुताबिक, जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
हाइब्रिड इंजन से लैस है वाटर मेट्रो
यह कैटामरान वेसल हाइब्रिड इंजन से लैस है और मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होता है। इसकी बैटरी चार्ज करने के लिए दीघा के मीनार घाट और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर और शोर चार्जर की व्यवस्था की गई है।
पर्यटन विभाग के अनुसार, इस जलयान के संचालन से जल, ध्वनि और वायु प्रदूषण नहीं होगा। विभाग की इस पहल का उद्देश्य गंगा नदी में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना और पर्यटकों को आधुनिक जल परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

