Breaking News:

बिहार, खबरों से आगे।

बिहार:जेसीबी से खुदाई के दौरान फटी गैस पाइपलाइन, धमाके से थार समेत कई वाहन जलकर राख; एक की मौत – Accident During Drain Construction Gas Pipeline Ruptures One Died Many Injured Several House Cracks

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार को नाला निर्माण के दौरान भूमिगत पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से भीषण हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी रोड स्थित साहू चौक पर दोपहर करीब 12 बजे गैस रिसाव के बाद जोरदार विस्फोट हुआ। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के करीब एक दर्जन घरों में आग लग गई। एक थार गाड़ी, डाक विभाग की डाक पार्सल वैन और आधा दर्जन बाइक आग की चपेट में आकर जल गईं। नाला निर्माण में लगी जेसीबी मशीन भी पूरी तरह जलकर राख हो गई। वहीं, विस्फोट की तीव्रता से आसपास के कई मकानों की दीवारों और एक छत को नुकसान पहुंचा है। एक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घरों को आनन-फानन में खाली कराया गया।

गैस रिसाव के बाद हुआ विस्फोट

जानकारी के अनुसार, साहू चौक के पास नाला निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान भूमिगत गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और गैस का रिसाव शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक गैस का रिसाव जारी रहा। इसके बावजूद सूचना मिलने के बाद भी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की क्विक रिस्पांस टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसी बीच गैस में आग लगने से भीषण विस्फोट हो गया।

पढ़ें: बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, पांच घायल, ग्रामीणों ने शीशा तोड़कर बचाई जान; चालक पर लापरवाही का आरोप

विस्फोट के बाद आग की लपटों ने आसपास के घरों और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए धमाके से इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर

घटना के बाद पुलिस, जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घटनास्थल पर हजारों लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और आक्रोश है।

इस पूरे मामले में एसडीएम पूर्वी उत्सव आनंद ने बताया कि नाला निर्माण के दौरान घटना हुई है। कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। मौके पर प्रशासन की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीएनजी गैस पाइपलाइन में रिसाव के कारण हादसा हुआ है। मौके पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। गैस रिसाव की सूचना मिलने के बावजूद समय पर बचाव दल के नहीं पहुंचने को लेकर आईओसीएल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *