Breaking News:

बिहार, खबरों से आगे।

बिहार:विद्यापतिधाम में 14वें विद्यापति महोत्सव का आगाज, उप मुख्यमंत्री ने किया प्रतिमा का अनावरण – Bihar-news-vidyapati-mahotsav-vijay-chaudhary-vidyapatidham-samastipur

समस्तीपुर जिले के विद्यापतिधाम में रविवार रात 14वें विद्यापति राजकीय महोत्सव का आगाज हुआ। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर तीन दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने महाकवि विद्यापति की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया और बाबा बालेश्वर स्थान मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण भी किया।

विद्यापति रेलवे मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकवि विद्यापति की रचनाएं सदियों बाद भी जनमानस में जीवंत हैं। भक्ति, प्रेम और मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण उनकी साहित्य साधना ने मैथिली भाषा को विशिष्ट पहचान दिलाई है। विद्यापति केवल मिथिला ही नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य साहित्यिक धरोहर हैं। उनकी रचनाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

महोत्सव के अवसर पर विद्यापति स्मारक चौक पर स्थापित महाकवि विद्यापति की आदमकद प्रतिमा का भी उप मुख्यमंत्री ने अनावरण किया। प्रतिमा से आवरण हटते ही वहां मौजूद लोगों ने तालियों से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महाकवि को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकवि की स्मृतियों को संजोना और उनके साहित्य को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। यह प्रतिमा नई पीढ़ी को अपनी भाषा और सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने की प्रेरणा देगी।

पढ़ें: 24 नवंबर को पटना में इन रास्तों पर रहेगी नो एंट्री, घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक प्लान

विद्यापतिधाम को डिजिटल पहचान दिलाने की दिशा में भी पहल की गई। उप मुख्यमंत्री ने बाबा बालेश्वर स्थान मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया। इसके माध्यम से देश-विदेश के श्रद्धालु एक क्लिक पर मंदिर का इतिहास, धार्मिक महत्ता, पूजा-पाठ और विशेष आयोजनों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल से मंदिर की धार्मिक विरासत को व्यापक पहचान मिलने और विद्यापतिधाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में मैथिली संगीत की स्वर लहरियां गूंज उठीं। लोकगायक सत्येंद्र कुमार संगीत ने महाकवि विद्यापति की पदावली और नचारी गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। ‘जय-जय भैरवि असुर भयाउनि, पशुपति भामिनि माया’ और ‘कखन हरब दुख मोर, हे भोलेनाथ’ जैसे गीतों पर श्रोता झूम उठे। इसके बाद कृति भारती, कमलेश कुमार सिंह, सुभाष प्रसाद साव, अतुल पंडित और गायिका निलोफर की प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा।

हालांकि, महोत्सव में व्यवस्थाओं को लेकर लोगों में नाराजगी भी दिखी। उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री समेत मंच पर मौजूद किसी भी अतिथि ने लोगों को संबोधित नहीं किया। स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि इस अवसर पर विद्यापतिधाम के विकास, पर्यटन की संभावनाओं और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार की ओर से ठोस घोषणाएं होंगी। लोगों ने आयोजन की अपेक्षाकृत फीकी रंगत और व्यवस्थाओं पर भी असंतोष जताया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *