Breaking News:

बिहार, खबरों से आगे।

बिहार:पीएम मोदी के दौरे को लेकर ट्रैफिक प्रतिबंध, 20 नवंबर से 21 नवंबर तक कई मार्गों पर ट्रकों की नो एंट्री – Bihar News Vaishali Traffic Ban Pm Modi Visit 21 November 2026 Hajipur News Pm Modi Vaishali Visit

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित वैशाली दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए वैशाली से जुड़े सीमावर्ती जिलों के कई मार्गों पर ट्रक और व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने आम सूचना जारी कर वाहन चालकों को निर्धारित मार्गों का पालन करने का निर्देश दिया है।

कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पर 34 घंटे प्रतिबंध

जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पर ट्रक और व्यावसायिक वाहनों का परिचालन 20 नवंबर की सुबह 10 बजे से 21 नवंबर की रात 8 बजे तक बंद रहेगा। हालांकि, 20 नवंबर की रात 10 बजे से 21 नवंबर की सुबह 5 बजे तक सभी व्यावसायिक वाहनों का परिचालन महात्मा गांधी सेतु मार्ग से कराया जाएगा।

इस दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन की पूर्वी लेन पर केवल प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से संबंधित वाहनों को आने-जाने की अनुमति होगी। बनारसी चौक से पूर्वी लेन में किसी भी वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

गांधी सेतु पर भी ट्रकों की आवाजाही बंद

महात्मा गांधी सेतु पर 21 नवंबर की सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक ट्रक और व्यावसायिक वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा समस्तीपुर से वैशाली जिले में प्रवेश करने वाली सड़कों पर भी 20 नवंबर की सुबह 10 बजे से 21 नवंबर की रात 8 बजे तक ट्रकों और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

इस अवधि में समस्तीपुर से पटना जाने वाले ट्रक और व्यावसायिक वाहन महुआ के रास्ते नहीं जाएंगे। इनके लिए मुजफ्फरपुर होते हुए फकुली मार्ग निर्धारित किया गया है।

मुजफ्फरपुर और सारण से आने वाले वाहनों पर भी रोक

प्रशासन के निर्देश के मुताबिक, मुजफ्फरपुर और सारण से वैशाली आने वाली सभी सड़कों पर एनएच-22 को छोड़कर ट्रक और व्यावसायिक वाहनों का परिचालन 21 नवंबर की सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक बंद रहेगा।

प्रशासन ने लोगों से की अपील

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए ये प्रतिबंध लगाए गए हैं। प्रशासन ने आम लोगों और वाहन चालकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *