Breaking News:

बिहार, खबरों से आगे।

बिहार:नीतीश सेतु पर किसने मचाया उपद्रव, पोस्टर फाड़ने के बाद कौन सा नारा लगा रहे थे? जानिए पूरा मामला – Bihar News Vaishali Nitish Setu Raghopur Poster Tearing Video Viral Hindi News

वैशाली में नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद असमाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया है। रविवार को राघोपुर से एक वीडियो सामने आया है। इसमें कुछ युवक पुल पर लगे पोस्टर और बैनर फाड़ते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि वीडियो में दिख रहे युवक राष्ट्रीय जनता दल के समर्थक हैं। वीडियो में युवक तेजस्वी यादव और राजद के समर्थन में नारेबाजी करते भी सुनाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं इनलोगों के हाथों भी राजद का झंडा भी है। दावा है कि यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के कुछ देर बाद हुई। इसे घटना को पुलिस भी नहीं रोक पाई। अब इस पर सियासत गरमा गई है। उधर, भारतीय जनता पार्टी नेताओं ने पोस्टर-बैनर फाड़ने की घटना की निंदा की है। उन्होंने इसे जंगलराज की मानसिकता बताते हुए कहा कि विकास से जुड़े कार्यक्रम में इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ युवक हाथों में राजद का झंडा लेकर पुल पर पहुंचे थे। वीडियो में वह एनडीए नेताओं के फ्लेक्स और बैनर को खींचकर फाड़ते दिख रहे हैं। इस दौरान लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी भी सुनाई दे रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मौके पर करीब 40 मिनट तक हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और युवकों को वहां से हटाया।

इस पूरे घटनाक्रम को वहां मौजूद कुछ लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर फैल गया। इसके बाद घटना को लेकर अलग-अलग दावे किए जाने लगे। कुछ लोग इसे राजद समर्थकों की ओर से किया गया विरोध बता रहे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा है कि पोस्टर में नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं होने से नाराज जदयू समर्थक ऐसा कर सकते हैं। हालांकि, इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है।

नीतीश कुमार की तस्वीर को लेकर पहले से जारी था विवाद

दरअसल, नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले ही पुल के नामकरण और कार्यक्रम से जुड़े पोस्टर-बैनर में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं होने को लेकर विवाद छिड़ा था। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि जिस व्यक्ति के नाम पर पुल का नाम रखा गया है, उसी की तस्वीर पोस्टर में नहीं है।

तेजस्वी यादव ने नीतीश सेतु के लोकार्पण पर क्या आरोप लगाया था?

इधर, राघोपुर विधानसभा के विधायक और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पुल का उद्घाटन करीब एक साल पांच महीने पहले ही हो चुका था और तब से इस पर रोजाना लाखों वाहनों की आवाजाही हो रही है। तेजस्वी ने कहा कि इस पुल का नाम सिख धर्म के दसवें गुरु और खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के नाम पर रखा जाना चाहिए था, लेकिन भाजपा सरकार ने ऐसा नहीं होने दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुल के निर्माण और नामकरण के फैसले में प्रधानमंत्री का कोई योगदान नहीं है और केंद्र सरकार ने इसमें एक रुपया भी खर्च नहीं किया। तेजस्वी ने कहा कि प्रधानमंत्री बिना कोई नई परियोजना दिए बिहार आते हैं और पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यों का उद्घाटन कर अपना नाम पट्टिका पर लिखवाते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *