बिहार:पीएम का कार्यक्रम संभाल रहीं थीं डीएम वर्षा सिंह, मौका मिलते ही बच्चे को लगाया गले; तस्वीर वायरल – Bihar News Dm Varsha Singhhugging Child Vaishali Pmmodi Rally Vaishali News Hajipur News
प्रशासनिक जिम्मेदारियों और प्रोटोकॉल की व्यस्तता के बीच मां की ममता का एक खूबसूरत नजारा देखने को मिला। बिहार के वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इसमें वह अपने बच्चे को सीने से लगाए नजर आ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली दौरे के दौरान सामने आई इस तस्वीर को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। तस्वीर के जरिए लोग एक मां और एक प्रशासनिक अधिकारी की दोहरी भूमिका के बीच खूबसूरत संतुलन की चर्चा कर रहे हैं।
एक सप्ताह से PM मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों में थीं व्यस्त
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी वर्षा सिंह पिछले एक सप्ताह से तैयारियों में जुटी हुई थीं। कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। मंच की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, भीड़ प्रबंधन और अलग-अलग विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय जैसे तमाम कामों की निगरानी उन्हें करनी थी। ऐसे में उनकी दिनचर्या काफी व्यस्त थी और बच्चे के साथ समय बिताने का मौका कम मिल पा रहा था।
PM मोदी मंच पर पहुंचे तो बच्चे को लगाया गले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब कार्यक्रम स्थल पर मंच पर पहुंच गए और कार्यक्रम शुरू हो गया, उसी दौरान जिलाधिकारी वर्षा सिंह को अपने बच्चे के साथ कुछ पल बिताने का मौका मिला। उन्होंने बच्चे को सीने से लगा लिया। इसी पल की तस्वीर कैमरे में कैद हो गई और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
तस्वीर में जिलाधिकारी अपने बच्चे को प्यार से गले लगाती नजर आ रही हैं। कुछ पलों के इस दृश्य में उनकी मां वाली भूमिका साफ दिखाई देती है। इसके बाद वह दोबारा अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों में जुट गईं।
सोशल मीडिया पर लोग कर रहे तारीफ
तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स जिलाधिकारी की तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘यही असली भारत है, जहां जिम्मेदारी भी निभानी है और ममता भी।’ वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, ‘डीएम मैडम ने बता दिया, मां पहले मां होती है, अधिकारी बाद में।’
जिलाधिकारी वर्षा सिंह की यह तस्वीर दिखाती है कि बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच भी मां और बच्चे का रिश्ता कितना खास होता है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कैमरे में कैद हुआ यह छोटा-सा पल सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।

